फरेंदा। वन रेंज के खुर्रमपुर बीट में पेड़ काटकर ले जा रहे तस्करों को मना करना एक दैनिक वनकर्मी को भारी पड़ गया। तस्करों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। वनकर्मी ने भागकर किसी तरह से वारदात की सूचना अधिकारियों को दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दो नामजद सहित एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सिद्धार्थनगर जिले के उस्का बाजार निवासी पवन कुमार फरेंदा रेंज के खुर्रमपुर बीट में दैनिक क्रमिक के पद पर कार्यरत हैं। शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे मुखबिर की सूचना पर खुर्रमपुर बीट के कंपाट नंबर पांच में पहुंचे। जहां तस्कर 2021 में लगाए गए पेड़ काटकर ले जा रहे थे। मना करने पर तस्करों ने लाठी- डंडे से हमला कर दिया तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस व उच्चाधिकारियों को दी। अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुट गए।
इस संबंध में थानाध्यक्ष श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि वनकर्मी की तहरीर पर लेहड़ा टोला कल्यानपुर निवासी मिठ्ठू सहानी व अमरनाथ सहानी सहित एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।