अवैध ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार आरोपी राहुल यादव।
महरागंज/निचलौल। थाना क्षेत्र के सेमरहना पुल से मटरा जाने वाली पगडंडी रास्ते पर शनिवार को आधी रात 55.56 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पुलिस ने कुशीनगर के एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।
बाद में आरोपी राहुल यादव निवासी नारायणपुर चरगहा थाना रामकोला जिला कुशीनगर के विरुद्ध केस दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
माना जा रहा है कि भारत नेपाल सरहद के पगडंडी रास्ते ब्राउन शुगर की तस्करी के लिए सुरक्षित रास्ता बन चुका है। पिछले 15 दिनों के अंदर सुरक्षा टीम तीन जगहों से अवैध ब्राउन शुगर के साथ कैरियरों को गिरफ्तार कर चुकी है।
भारत नेपाल बाॅर्डर के झुलनीपुर बीओपी में तैनात एसएसबी उप निरीक्षक हंसराज ने पुलिस को दी फर्द में बताया है कि वह टीम के साथ बाॅर्डर रोड पर गश्त कर रहे थे। इसी बीच आबकारी निरीक्षक वैभव कुमार यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि एक शख्स अवैध मादक पदार्थ के साथ सरहद पार करने वाला है।
उन्होंने सूचना आबकारी निरीक्षक को दी और मटरा की तरफ जाने वाली पगडंडी पर पहुंच गए। इसी बीच एक शख्स सरहद की ओर जाता दिखा। रोकने पर वह भागने लगा। टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम राहुल यादव निवासी नारायणपुर चरगहा थाना रामकोला जिला कुशीनगर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से पॉलीथिन में रखी 55.56 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार, आरोपी राहुल यादव निवासी नारायणपुर चरगहा थाना रामकोला जिला कुशीनगर के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर चालान कर दिया गया है। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।