- नेपाल पुलिस की कार्रवाई में कपड़े, डीजल-पेट्रोल, पटाखे और शराब बरामद
- 2.86 लाख रुपये आंकी गई कीमत
ठूठीबारी। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ नेपाल पुलिस की कार्रवाई में 2.86 लाख रुपये से अधिक का सामान बरामद हुआ है। नवलपरासी जिला प्रहरी कार्यालय पश्चिम की टीम ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग के दौरान भारत से अवैध रूप से लाए जा रहे कपड़े, पेट्रोल-डीजल, पटाखे और शराब समेत अन्य सामान पकड़ा। मौके से भारतीय नंबर प्लेट लगी दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।
सूचना अधिकारी डीएसपी मदन थापा ने बताया कि जब्त सभी सामान को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए भंसार कार्यालय महेशपुर को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में तस्करी और भंसार चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
-
60 लीटर पेट्रोल और इतना ही डीजल मिला
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 60 लीटर पेट्रोल और 60 लीटर डीजल जब्त किया गया। इसके अलावा नौ थान में 108 मीटर विभिन्न रंगों के कपड़े, 25 थान लेडीज सूट और 67 पीस साड़ी-लहंगे में इस्तेमाल होने वाला मोती लेंस बरामद हुआ। 50 पैकेट बीड़ी भी जब्त की गई।
-
शराब और पटाखे भी बरामद
तस्करी के सामान में ब्लैक ओक की छह और गोल्डन ओक की छह बोतलें शामिल हैं। इसके अलावा अन्य ब्रांड की 24 शराब की बोतलें और नौ पोका पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने 80 पीस निप्पल फुट वाल्व पाइप ज्वाइंट भी जब्त किए हैं।