बीएमएम के खिलाफ लामबंद हुईं समूह की महिलाएं
परतावल (महराजगंज)। श्यामदेउरवां क्षेत्र के ग्राम सभा धरमौली में संचालित सरस्वती स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बीएमएम (ब्लॉक मिशन मैनेजर) के खिलाफ लामबंद होकर मंगलवार को थाने पहुंचीं। जहां प्रार्थना देकर बीएमएम अभय मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
समूह की अध्यक्ष सीताबी देवी ने बताया कि समूह को पुष्टाहार पैक करने का काम मिला था। समूह की सभी महिलाओं ने मिलकर पुष्टाहार पैक किया। जिसके एवज में एक लाख 20 हजार रुपये समूह के खाते में आया था। जिसे ब्लॉक में तैनात बीएमएम अभय मिश्रा ने समूह सखी और बैंक सखी पर नौकरी से निकालने की धमकी देकर 80 हजार रुपया निकलवा लिया। सोमवार को जब समूह का बैंक पासबुक छपवाया गया तो मामले की जानकारी हुई। इस संबंध थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि मामला आपसी लेनदेन का है। इस मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बीएमएम अभय मिश्रा ने आरोप को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि बेवजह परेशान करने के लिए ऐसा किया जा रहा है।