फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: दिवाली की रात हुई धुआं-धुआं, हवा की सेहत हुई खराब

विज्ञापन
विज्ञापन
महराजगंज। दिवाली पर रोशनी और खुशियों के बीच हुई आतिशबाजी ने हवा की सेहत बिगाड़ दी। त्योहार की रात शहर और आसपास के क्षेत्रों में जमकर पटाखे फोड़े गए। इससे निकले धुएं और महीन धूल के कण वातावरण में फैल गए। रात में ओस और नमी के कारण धुआं जल्दी छंट नहीं सका। इसका असर वायु गुणवत्ता पर भी दिखाई दिया।
विज्ञापन

रविवार रात करीब 11 बजे महराजगंज में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 200 के पार पहुंच गया। इसके बाद भी एक्यूआई करीब 204 से 263 के बीच दर्ज किया गया। प्रदूषण और धुएं के कारण विशेषकर एलर्जी, अस्थमा, सीओपीडी और हृदय रोग से पीड़ित लोगों को परेशानी हुई। सांस लेने में दिक्कत और अन्य शिकायतों के साथ मरीज अस्पताल पहुंचे।
जिला अस्पताल में मंगलवार को ओपीडी में 1033 मरीजों का उपचार किया गया। अस्पताल के सीएमएस डॉ. ए के द्विवेदी ने बताया कि मंगलवार को पटाखों से झुलसे तीन मरीज अस्पताल पहुंचे थे। इनमें दो को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि एक मरीज की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया है। त्योहार के दौरान आतिशबाजी के कारण झुलसने की घटनाएं भी सामने आईं।
विज्ञापन

वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एवी त्रिपाठी ने बताया कि महराजगंज ग्रीन जोन में आता है, इसलिए यहां सामान्य तौर पर प्रदूषण का प्रभाव बड़े शहरों की अपेक्षा कम रहता है। हालांकि, दिवाली पर आतिशबाजी से निकलने वाला धुआं सांस और हृदय रोगियों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। पटाखों से निकलने वाले धुएं और महीन कणों के संपर्क में आने से संवेदनशील लोगों को सांस लेने में दिक्कत, खांसी और एलर्जी की समस्या हो सकती है।
सदर सीएचसी के अधीक्षक एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी सिंह ने बताया कि मंगलवार को सामान्य दिनों की अपेक्षा सांस संबंधी शिकायतों वाले मरीजों की संख्या अधिक रही। सीएचसी में प्रतिदिन करीब 150 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इनमें मंगलवार को करीब 20 मरीज सांस संबंधी समस्याओं से पीड़ित थे। उन्होंने बताया कि मौसम में नमी और आतिशबाजी के धुएं के कारण सांस के मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है।

बुजुर्गों और बच्चों को भी सावधानी की जरूरत
चिकित्सकों के अनुसार, आतिशबाजी से निकलने वाला धुआं केवल सांस के मरीजों के लिए ही नहीं, बल्कि बच्चों, बुजुर्गों और एलर्जी से पीड़ित लोगों के लिए भी परेशानी पैदा कर सकता है। अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों को धुएं वाले स्थानों से दूर रहना चाहिए। सांस लेने में परेशानी होने पर खुले धुएं वाले वातावरण से हटकर स्वच्छ हवा वाले स्थान पर जाना चाहिए और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें