महराजगंज। राजकीय माध्यमिक स्कूल के छह हजार विद्यार्थी पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाएंगे। इसके लिए उन्हें स्कूल से मार्गदर्शन मिलेगा और वह महीने में किसी एक दिन आसपास के क्षेत्र में पर्यावरण का महत्व बताकर जलवायु परिवर्तन के खतरों के प्रति सचेत करेंगे।
इसके लिए प्रत्येक स्कूल को 15 हजार रुपये का बजट राज्य परियोजना कार्यालय से जारी किया जाएगा। इस रकम का उपयोग जागरूकता माॅडल, पोस्टर, चार्ट व अन्य जागरूकता संबंधित संसाधन के लिए बच्चे कर सकेंगे। इस गतिविधि के लिए डीआईओएस कार्यालय को पत्र मिल चुका है।
जनपद में कुल 29 राजकीय स्कूलों में छह हजार बच्चे नामांकित हैं। यह विद्यार्थी पर्यावरण संरक्षण के सारथी बनेंगे। इस समुदाय आधारित गतिविधि के लिए प्रत्येक स्कूल में ईको क्लब का गठन पहले ही किया जा चुका है। अब इन्हें बजट व जिम्मेदारी भी दी जाएगी।
क्लब के बच्चे पूरे मा स्कूल में शिक्षकों से पर्यावरण संरक्षण के तरीके सीखेंगे, जिससे जलवायु परिवर्तन का असर कम किया जा सके। महीने में किसी एक दिन शिक्षकों की टोली के साथ स्कूल के आसपास ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर पर्यावरण को लेकर लोगों को जागरूक करने का कार्य करेंगे। राज्य परियोजना कार्यालय ने समूह आधारित गतिविधि स्कूलों में बढ़ाने के क्रम में इसे प्रारंभ करने के लिए निर्देश जारी करते हुए बजट की घोषणा की है।
प्रत्येक माह स्कूली बच्चों की यह गतिविधि मिशन लाइफ पोर्टल पर भी अपडेट करनी होगी। इसके लिए ईको क्लब डॉट एजुकेशन डॉट जीओवी लिंक भी जारी किया गया है जिसपर प्रत्येक गतिविधि की फोटो व वीडियो अपलोड करना होगा।
समूह आधारित इस गतिविधि के सहारे विभाग लोगों को न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर जलवायु परिवर्तन के खतरों को कम करने का प्रयास करेगा, बल्कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाकर वह सुरक्षात्मक दृष्टिकोण को बढ़ाने का कार्य भी करने में सफलता हासिल करेगा।