सोनौली। भारत के बिहार के पूर्णिया समेत अलग-अलग जिलों और अन्य स्थानों से बचाए गए छह नेपाली नाबालिगों को नेपाली दूतावास के समन्वय से नेपाल वापस भेजा गया।
शुक्रवार की रात करीब आठ बजे बजे दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास और भारतीय दूतावास के सहयोग से भारत स्थित एक सामाजिक संस्था की मदद से बिहार राज्य में फंसे छह नाबालिग किशोर और किशोरी को पुलिस की मदद से सोनौली लाया गया और नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया।
दूतावास की ओर से जारी पत्र के अनुसार, किन इंडिया के प्रतिनिधि नवीन जोशी एवं लक्ष्मी बिष्ट, गुड शेफर्ड इंटरनेशनल फाउंडेशन तथा ओवीएन संगठनों को नेपाल वापसी की प्रक्रिया में सहयोग के लिए अधिकृत किया गया था। दूतावास के समन्वय से सभी छह नेपाली नागरिकों को दिल्ली से वाहन के माध्यम से नेपाल भेजा गया, जहां उन्हें आवश्यक सरकारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके परिवारों से मिलाया जाएगा।
दूतावास के पत्र में कहा गया है कि नेपाल पहुंचने के बाद बचाए गए व्यक्तियों को नेपाल सरकार के संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में उनके परिवार के सदस्यों अथवा संबंधित सरकारी एजेंसियों को सौंपा जाएगा। इसके लिए सभी आवश्यक औपचारिकताओं और प्रक्रियाओं का पालन किया जाएगा। नेपाल वापस भेजे गए छह लोगों में सर्लाही, सप्तरी, मोरंग और चितवन के पीड़ित थे। कोतवाल विशाल शुक्ला ने बताया कि सभी छह नेपाली किशोर और किशोरियों को नेपाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।