निचलौल। थाना क्षेत्र के ठूठीबारी मार्ग पर नवीन मंडी गेट के पास मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक पिकअप पर लदे छह पशुओं को बरामद किया। वहीं, पुलिस टीम ने मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस टीम पशुओं से लदे पिकअप को कब्जे में लेकर जब्त करते हुए आरोपी पर कार्रवाई में जुट गई है।
कार्रवाई टीम में शामिल उपनिरीक्षक रत्नेश कुमार मौर्य ने बताया कि वह टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर निकले थे। इसी बीच उन्हें मुखबिर से सूचना मिली की एक सफेद रंग के पिकअप में छह पशुओं को लादकर ठूठीबारी की ओर ले जाया जा रहा है। पशुओं को तस्कर नेपाल भेजेंगे। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम के साथ तत्काल ठूठीबारी सड़क स्थित नवीन मंडी गेट के पास पहुंच गए, जहां पर उन्होंने देखा की पूर्व से मौजूद पुलिस टीम पिकअप को रोक पूछताछ कर रही है।
मौके पर पहुंच उन्होंने पिकअप की तलाशी ली तो पिकअप पर छह गोवंश लदे मिले। इन पशुओं को पिकअप में क्रूरता पूर्वक बांधकर ठूठीबारी की तरफ ले लाया जा रहा था। मौके से पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार पिकअप चालक ने अपना नाम मनोज कुमार निवासी कोहरगड्डी थाना खड्डा कुशीनगर बताया।