परतावल। पुराने विवाद को लेकर महिला ने अपने दो भाइयों और भाभी पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में श्यामदेउरवां पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भिटौली थाना क्षेत्र की भैसा गांव निवासी सरोज वर्तमान में परतावल में किराये के मकान में रहती हैं। पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने बताया कि उनके भाई संतोष व शैलेष तथा संतोष की पत्नी सलेहा निवासी भटहट से पुराना विवाद चल रहा है। इस संबंध में न्यायालय में भी मामला विचाराधीन है।
आरोप है कि 30 अगस्त की रात करीब 11 बजे तीनों लोग उनके कमरे पर पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर लाठी-डंडे और लात-घूंसों से मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। घटना की सूचना पीड़िता ने डायल 112 पुलिस को दी। एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।