निचलौल। साहब! मेरे घर की दीवार को कुछ दबंगों ने तोड़ दिया है। इतना ही नहीं वह घर पर कब्जा भी जमाना चाह रहे हैं। विरोध करने पर जानमाल की धमकी भी दे रहे हैं। पीड़ित ने कहा कि इस मामले में तीन बार तहसील दिवस में भी आ चुकी हूं, लेकिन समाधान के लिए आश्वासन देकर लौटा दिया जाता है। यह शिकायत ठूठीबारी निवासी रामवती देवी ने शनिवार को जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में की। डीएम को दिए शिकायती पत्र में पीड़िता रामवती देवी ने बताया कि उनके घर की दीवार को गांव के ही रहने वाले कुछ लोग गोलबंद होकर तोड़ दिए थे।
इस मामले में वह शिकायत लेकर कोतवाली ठूठीबारी थाने पर पहुंची, लेकिन पुलिस उनकी समस्याओं को सुनने से इंकार कर दी। हालांकि दीवार तोड़ने वाले दबंग अब उनके घर पर कब्जा करने के प्रयास में जुट गए हैं, जिसका विरोध करने पर उन लोगों की ओर से परिवार को जानमाल की धमकी दी जा रही है।
आरोप है कि न्याय के लिए थाने से लेकर उच्चाधिकारियों के चौखट पर पहुंच चुके हैं। इतना ही संपूर्ण समाधान दिवस में भी तीन बार शिकायत कर चुके हैं। उसके बाद भी उन्हें न्याय नहीं मिल सका।
इसी तरह निचलौल शहर के घोड़हवा वार्ड के पूर्व सभासद जनार्दन गुप्ता ने बताया है कि नगर पंचायत स्थित आराजी संख्या 1539 रकवा 0.405 पर वर्तमान अभिलेख में अजीजिया इस्लामिया कॉलेज दर्ज है। जबकि चकबंदी आकर पत्र 45 में उक्त भूमि खाता संख्या 1362 आराजी संख्या 1539 बागवानी मदरसा और खेल मैदान अपर उर्दू प्राइमरी मदरसा अजीजिया मजहरुल ओलूम के नाम से दर्ज है, जबकि आधार वर्ष खतौनी ने उक्त भूमि श्रेणी 6 (2) अंकित है।
इस मामले में संबंधित विभाग के जिम्मेदारों से कई बार शिकायत कर चुके हैं। दर्ज गलत इंद्राज को दुरुस्त किया जाए। वहीं ढेसो निवासी मिठाई ने बताया कि वह तीन भाई हैं। ऐसे में आबादी की भूमि को तीनों भाइयों में बंटवारा किया गया था, लेकिन उक्त भूमि पर कब्जा करने पर अन्य लोग उन्हें रोक रहे हैं। विरोध करने पर जानमाल की धमकी भी दे रहे हैं। बैदौली निवासी पूनम ने बताया है कि गांव स्थित आराजी संख्या 99 से सटे पश्चिम वन विभाग का रास्ता की भूमि है। इस पर कुछ लोग अवैध तरीके से अतिक्रमण कर लिया है। इस अवसर पर सीएमओ श्रीकांत शुक्ला, एसडीएम शैलेंद्र गौतम मौजूद रहे।