नौतनवा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को पारदर्शी एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। लगातार राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर इसके कागजी प्रमाण भी प्रस्तुत किए जा रहे हैं। ताकि किसी तरह के आरोप-प्रत्यारोप का लांछन न लग सके।
इसी क्रम में सोमवार की सुबह भी तहसीलदार कर्ण सिंह एवं नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव ने स्थानीय राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बैठक की। इसमें उन्हें सप्ताह भीतर हुए मतदाताओं के परिवर्धन, विलोपन एवं संशोधन की जानकारी देकर सूची की छायाप्रति भी उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक सप्ताह राजनीतिक दल को सूची में मतदाताओं से जुड़े परिवर्तन से अवगत कराने का निर्देश निर्गत है। इस दौरान वीआरसी ऑपरेटर अनुराग मिश्रा, वरिष्ठ नेता लालचंद्र चौधरी, बच्चूलाल चौरसिया, केसी पांडेय, संजय कन्नौजिया आदि उपस्थित रहे।