जलभराव से गुजरकर स्कूल जाने को मजबूर हैं स्कूली छात्र
इसी मार्ग पर एक स्कूल में अध्यनरत हैं चार हजार से अधिक विद्यार्थी
सिंदुरिया। मिठौरा विकासखंड की ग्रामसभा सिंदुरिया से शितलापुर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग वर्षों से बदहाल पड़ा है। ईंट के खड़ंजे से बनी यह सड़क जगह-जगह टूटकर धंस चुकी है। हल्की बारिश होते ही सड़क पर गंदा
पानी और कीचड़ भर जाता है। इससे राहगीरों के साथ-साथ स्कूली छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, सिंदुरिया से शितलापुर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पर स्थित एक प्रतिष्ठित विद्यालय में करीब चार हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। बरसात के दिनों में उन्हें जलभराव और कीचड़ से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है। इससे न केवल आवागमन प्रभावित होता है बल्कि विद्यार्थियों की ड्रेस भी गंदे पानी और कीचड़ से खराब हो जाती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य गोपाल विश्वकर्मा ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या जस की तस है। उन्होंने कहा कि सड़क की जर्जर स्थिति का सबसे अधिक असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और सुरक्षा पर पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी सुनजीत गुप्ता, संदीप गुप्ता, रंजीत, मंजेश, राहुल कसौधन, आदित्य कसौधन व अभय गुप्ता ने बताया कि यह सड़क लंबे समय से बदहाल है। स्थानीय स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण ये समस्या बनी हुई है।
स्थानीय व्यवसायी रूपेश वर्मा व सोनू गुप्ता ने बताया कि इस सड़क पर ही उनकी जमीन है। सड़क खराब होने के कारण वे मकान नहीं बनवा पा रहे हैं। प्रशासन से मांग है कि सिंदुरिया-शितलापुर मुख्य मार्ग का शीघ्र निर्माण कराया जाए।
वहीं इस बाबत खंड विकास अधिकारी राहुल सागर ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। इस बार में जानकारी लेकर जल्द ही सड़क का प्रस्ताव पास कराकर निर्माण कराया जाएगा।