11 मार्च को खुशहालनगर रेलवे स्टेशन पर मिली थी घुघली के श्याम की लाश
खुशहालनगर। उपनगर घुघली के वॉर्ड नं 9 गांधीनगर मोहल्ला निवासी श्याम रौनियार की मौत के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। मृतक श्याम के भाई ने गोरखपुर के एक कपड़ा व्यवसायी व उसके एजेंट पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
11 मार्च को खुशहालनगर रेलवे स्टेशन के पास श्याम रौनियार (30) की लाश मिली थी। पुलिस को उसके पास से सुसाइड नोट भी मिला था। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पसलियों के टूटने तथा अधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया है। मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट में मौत के लिए स्वयं को जिम्मेदार बताते हुए लिखा है कि इस घटना से परिवार का कोई लेना-देना नहीं है।
मौत के 16 दिन बाद मृतक श्याम के भाई कृष्णा ने पुलिस को दिए तहरीर में लिखा है कि श्याम ने यह आत्मघाती कदम गोरखपुर के घंटाघर स्थित एक कपड़े के कारोबारी और उसके एजेंट के उकसाने पर उठाया है। दोनों ने बकाया राशि के भुगतान को लेकर दबाव बनाया था। पुलिस को मृतक के पास से बरामद मोबाइल के कॉल डिटेल व उसके फोन ऑडियो से जानकारी हुई। तहरीर में लिखा गया है कि श्याम रौनियार इन्हीं दोनों के दबाव से मानसिक रूप से आहत था। इस संबंध में एसओ घुघली कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच-पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।