जिलाधिकारी ने जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक की
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी की ओर से विभाग से विभिन्न संचालित योजनाओं में आंगनबाड़ी भवन निर्माण, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, गंभीर कुपोषित एवं मध्यम कुपोषित बच्चों की पहचान, उपचार तथा पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य, सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों की प्रगति, टीएचआर से पौष्टिक आहार वितरण सहित अन्य बिंदुओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सैम-मैम बच्चों के पोषण सुधार में सबसे खराब प्रदर्शन के लिए सीडीपीओ नौतनवा, शहर और घुघली को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के पोषण में सुधार जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है, इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने पोषण ट्रैकर पर बच्चों का एफआरएस शत–प्रतिशत बच्चों की ई–केवाईसी न होने पर डीसी पोषण अभियान परशुराम गौड़ को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने हेतु जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया।
इसी प्रकार प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना में लक्ष्य के सापेक्ष गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण और स्वास्थ्य परीक्षण के संदर्भ में निर्देशित किया कि जिन महिलाओं को समय से देय नही हुआ है उन्हें भुगतान करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत प्रथम प्रसव पर मिलने वाला लाभ तत्काल प्रभाव से दिलाया जाए तथा शेष लाभ भी उन्हें ससमय उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के वजन, लंबाई एवं पोषण स्थिति के अद्यतन आंकड़े समय से अपलोड करने हेतु निर्देशित किया। जिलाधिकारी महोदय ने वर्ष 2024–25 के लिए स्वीकृत आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य को तीव्र करने के लिए कहा।