सांथा। सांथा- बांसी मार्ग पर स्थित गनवरिया चौराहे पर लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के खिलाफ स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। नाली निर्माण के लिए दस दिनों से खोदे गए गड्ढे तथा जाली बिछा कर छोड़ दिए जाने से नाराज लोगों ने चौराहे पर प्रदर्शन किया। आक्रोशित दुकानदारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नाली निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को बाध्य होंगे।
पीडब्ल्यूडी द्वारा गनवरिया चौराहे पर जल निकासी के लिए करीब 100 मीटर लंबा गड्ढा खोदा गया। आरोप है कि खोदाई के बाद विभाग निर्माण कार्य करना भूल गया। स्थिति यह है कि हल्की सी बरसात होते ही पूरा गड्ढा और सड़क पानी से लबालब भर जाता है। जलभराव के कारण दुकानदारों का व्यापार तो ठप हो जा रहा है। साथ ही राहगीरों और क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कीचड़ और गंदगी के चलते संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है।
व्यापारियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया,लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। जल्द ही निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो वृहद आंदोलन किया जाएगा।