भिटौली। भिटौली में मंगलवार की रात भिटौली महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक जय मंगल कनौजिया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शरद कुमार सिंह, भाजपा नेता प्रदीप उपाध्याय, ठाकुर प्रसाद रौनियार ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। रवि एवं अभिषेक के स्वागत गीत के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
युवा कलाकारों ने देश भक्ति गीत एवं अभिनय प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। नृत्य एवं मॉडलिंग की प्रस्तुति भी की गई। नृत्य में शिवम थापा को प्रथम, जूही और आरजे को द्वितीय तथा डीडीसी फायर गर्ल्स देवरिया को तृतीय पुरस्कार मिला। मॉडलिंग में मिस्टर भिटौली ऋतिक एवं मिस भिटौली निष्ठा को प्रथम पुरस्कार दिया गया।
महोत्सव में महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, अयोध्या तथा लखनऊ के युवा कलाकारों ने प्रतिभाग किया। शिवानी, अशरफ खान, शैतानी पापर तथा आर्यन ने जूरी के रूप में भूमिका निभाई। मुख्य अतिथि सदर विधायक जयमंगल कनौजिया ने कहा कि युवा अवस्था में कलाकारों के अंदर कुछ कर गुजरने की चाहत होती है। आज हर युवा अपने देश व प्रदेश की संस्कृति को बचाने के लिए एक कलाकार के रूप में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के लिए ललायित रहता है।
विशिष्ट अतिथि शरद कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन से युवा कलाकारों को आगे बढ़ने का मंच मिलता है। कार्यक्रम का संचालन अंकित मणि त्रिपाठी ने किया। महोत्सव के आयोजक मंडल के सदस्य ऋतिक सर्राफ, संग्राम सिंह, आकाश मद्धेशिया, दीपक जायसवाल ने संयुक्त रूप से युवा कलाकारों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान स्वामीनाथ गुप्ता, टिट्टू राय, पूर्व प्रधान आशीष गौतम, गौरव श्रीवास्तव, किशन सिंह, सीताराम सर्राफ, अशफाक खान मौजूद रहे।