चालकों को पढ़ाया गया यातायात का पाठ
नगर क्षेत्र में यातायात पुलिस ने की कार्रवाई
महराजगंज। शनिवार को नगर क्षेत्र में यातायात पुलिस ने स्कूल व कॉलेज के छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्कूलों में संचालित बसों की जांच की गई। इस दौरान सात वाहनों का चालान किया गया।
टीम ने बसों का फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस, सीसीटीवी कैमरा, अग्निशामक यंत्र और फर्स्ट एड बॉक्स आदि की जांच की। यातायात थाना के इंस्पेक्टर अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। इस दौरान चालकों को स्कूली बसों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरा लगवाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा पर्याप्त मात्रा में अग्निशामक यंत्र और फर्स्ट एड बॉक्स लेकर चलने के सख्त निर्देश दिए गए।
जांच के दौरान कुल सात स्कूली वाहनों को नियम विरुद्ध पाया गया। इन वाहनों पर विभिन्न धाराओं के तहत चालान की कार्यवाही की गई। यातायात पुलिस की टीम ने चालकों को जागरूक भी किया और भविष्य में ऐसी लापरवाही न दोहराने की चेतावनी दी। यातायात थाना के इंस्पेक्टर ने सभी स्कूल प्रबंधनों से अपील की कि वे भी बसों की नियमित जांच कराएं और चालकों को प्रशिक्षित करें।