मधवलिया गोसदन में सात पशुओं की मौत, 17 बीमार
महराजगंज। मधवलिया गोसदन में पशुओं की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को गोसदन में सात पशुओं की मौत हो गई, जबकि 17 बीमार हैं।
गोसदन में पशुओं की मौत पर अंकुश लगाने के लिए जिले से लेकर राजधानी तक के पशु चिकित्सकों को लगाया गया है। जिले स्तर के चिकित्सक आठ-आठ घंटे के शिफ्ट में 24 घंटे पशुओं पर नजर बनाए हुए हैं। शनिवार को लखनऊ की टीम भी पशुओं की जांच के लिए गोसदन पहुंची। गोसदन के सभी पशुओं का रविवार को टीकाकरण होगा। गौरतलब है कि गोशाला में व्यवस्था सही नहीं रखने के मामले में 12 अक्तूबर को महराजगंज के डीएम, दो एसडीएम, सीवीओ और पशु प्रसार अधिकारी निलंबित किए गए थे।
व्यवस्था सुधरने तक गोसदन में नहीं लिए जाएंगे पशु
निचलौल। लखनऊ से आई टीम ने व्यवस्था में सुधार होने तक गोसदन में बाहरी पशुओं को नहीं लेने की बात कही है। प्रभारी सीवीओ एके गिरी ने बताया कि लखनऊ से आई तीन सदस्यीय चिकित्सकों की टीम गोसदन में पशुओं की मौत के कारण तलाश रही है।