महराजगंज। सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन महराजगंज ने वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज सिंह के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उनकी सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी है। आम सभा में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव में यह निर्णय लिया गया कि वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज सिंह की गतिविधियां संघ की गरिमा और अनुशासन के विपरीत पाई गई हैं।
इसी आधार पर बार एसोसिएशन ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है और निर्धारित समय के भीतर जवाब देने के लिए कहा है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट करुणाकर पति त्रिपाठी ने बताया कि पिछले कुछ समय से वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज सिंह द्वारा संघ विरोधी गतिविधियों में शामिल होने और अनुशासनहीनता प्रदर्शित करने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि उनकी कार्यशैली से न केवल संघ की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है, बल्कि अधिवक्ता समाज की गरिमा भी धूमिल हो रही है। कारण बताओ नोटिस में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि वे निर्धारित समय 15 दिनों के भीतर अपने पक्ष में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।