नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष और ईओ के मनमानी से खफा सभासद लामबंद हो गए हैं। शुक्रवार को बैठक कर निर्णय लिया की चेयरमैन और ईओ बात नहीं मानते हैं तो चेयरमैन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा।
मनोनीत सभासद अमितेश गुप्ता ने कहा कि गुरुवार को नगरपालिका की कार्यशैली को देखते हुए सदन के सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार किया था। कहा कि सदन की बैठक नियमित रूप से हो।
सदस्यों द्वारा प्रस्तावित प्रस्तावों को कार्यवाही रजिस्टर में अंकित किया जाए। बताया की पूर्व में हुई सदन की बैठक में प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा और कार्य पूरा न होने पर विचार विमर्श नहीं किया जाता है। सभासद सिद्धार्थ नाथ शुक्ला ने कहा कि दैनिक कर्मचारी लालजी लाइनमैन की मृत्यु के बाद विधवा पत्नी को मानवता के आधार पर किसी भी व्यवस्था में समायोजित करने का प्रस्ताव सर्व सम्मत से पास हुआ था।
चेयरमैन व ईओ द्वारा कोई क्रियान्वयन नहीं किया गया और न ही कार्यवाही रजिस्टर में दर्ज किया गया। सभासद गामा मद्वेशिया ने कहा कि नगरपालिका कर्मचारियों द्वारा समस्त कार्य मनमानी तरीके से किए जा रहे हैं। दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि पोस्ट आफिस मार्ग को तोड़ कर छोड़ दिया गया है। अगर एक सप्ताह के अंदर ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो नगर पालिका के खिलाफ सभी धरना करने को बाध्य होगें।
प्रदीप गौड़, परमानंद, रमावती, श्यामनरायन यादव, हीरा पासवान, रामबेलास, सुग्रीव पटेल, असफाक, रमावती देवी, विजई गुप्ता, अफजल अब्बासी सहित तमाम लोग मौजूद रहे। इस संबंध में चेयरमैन रीता भारती के प्रतिनिधि का कहना है कि अविश्वास प्रस्ताव के संबंध में जानकारी नहीं है।