प्रशिक्षण के लिए पात्र मिले 257 आवेदन, 30 निरस्त
ओ लेवल व ट्रिपल सी के लिए छात्र-छात्राओं से लिए गए आवेदन, अगले माह से प्रशिक्षण शुरू होने की संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। ओ लेवल व ट्रिपल सी में प्रशिक्षण के लिए छात्र-छात्राओं से आवेदन लेने की समय सीमा सोमवार को समाप्त हो गई। जिले भर से दोनों कोर्स में प्रशिक्षण के लिए कुल 287 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें से मानकों को पूरा न होने की स्थिति को देखते हुए 30 आवेदकों का आवेदन निरस्त किया गया है, जबकि 257 आवेदकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रत्नेश कुमार सिंह ने बताया कि ओ लेवल व ट्रिपल सी प्रशिक्षण के लिए शासन स्तर से जिले के तीन केंद्रों का चयन किया गया है। प्रशिक्षण के लिए कुल 257 आवेदक पात्र मिले हैं, जिनके डाटा को निदेशालय भेजा जा रहा है। वहां मेरिट बनाने का कार्य होगा, साथ ही आने वाली सूची के मुताबिक छात्र-छात्राओं को आवंटित केंद्र पर प्रशिक्षित कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगले माह से प्रशिक्षण शुरू होने की संभावना है। प्रशिक्षण शुरू होने की सूचना छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जाएगी। संवाद
---------------------------------------------
उत्तर पुस्तिकाओं के सन्निरीक्षा के लिए 12 जुलाई तक करें आवेदन
महराजगंज। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की उत्तर पुस्तिकाओं की सन्निरीक्षा (स्कूटनी) के इच्छुक छात्र-छात्राएं 12 जुलाई तक अपर सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर में आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रति प्रश्नपत्र सन्निरीक्षा के लिए 500 रुपये का शुल्क निर्धारित है, जिसे चालान के माध्यम से जमा करते हुए उसकी मूल प्रति को प्रिंट आउट के साथ ऑनलाइन संलग्न करते हुए भेजना होगा। कूरियर, डाक एवं व्यक्तिगत रूप से भेजा गया ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।