मतदान प्रतिशत बढ़ाने को मांगा सहयोग
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के साथ ही प्रशासन की सक्रियता भी बढ़ गई है। प्रशासन ने मतदान ड्यूटी पर लगाए गए कर्मचारियों के प्रशिक्षण सहित अन्य तैयारियां तेज कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी अमरनाथ उपाध्याय ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने में सहयोग मांगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि समय-समय पर उनके साथ बैठकें होती रहेंगी। प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने प्रतिनिधियों से कहा कि चुनाव में कोई समस्या सामने आए तो उससे उन्हें अवगत करा सकते हैं। समस्याओं के समाधान की हर संभव कोशिश की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि वनटांगिया समुदाय के अधिक से अधिक लोगों को मतदाता बनाने की कोशिश की जा रही है। विभिन्न वनग्रामों के लोगों का बूथ अगर काफी दूर होगा तो उस समस्या का भी निस्तारण कराया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह इस समस्या का समाधान कराएंगे। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी पवन अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी कुंज बिहारी अग्रवाल, गोपाल शाही, नंदू प्रसाद, सतीश कुमार चतुर्वेदी, आबिद अली आदि मौजूद रहे।