महराजगंज। मौसम में आए दिन परिवर्तन से मरीजों की संख्या बढ़ रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में डॉक्टर मरीजों से घिरे दिखाई देते हैं। ज्यादातर लोग जुकाम, खांसी व बुखार से पीड़ित होकर जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। उधर, अस्पताल में ज्यादा भीड़ होने के कारण मरीजों को डॉक्टर कर पहुंचने में काफी समय लग जा रहा है क्योंकि उन्हें अपनी बारी आने के लिए काफी देर ओपीडी में इंतजार करना पड़ रहा है।
सोमवार को जिला अस्पताल के पंजीकरण काउंटर पर दोपहर 12 बजे पर्ची बनवाने के लिए लंबी लंबी लाइन लगी दिखी। महिलाएं भी अलग से कतार में खड़ी होकर पर्ची लेने का इंतजार कर रही थी। पंजीकरण काउंटर पर तैनात कर्मियों के अनुसार औसतन हर रोज एक हजार से अधिक मरीज इलाज के लिए अस्पताल में आ रहे हैं। जिला अस्पताल के जेई-एईएस वार्ड में आदित्य, धर्मेंद्र, जियाउल हक, शीतल, विराज, मनीष आदि बच्चे भर्ती हैं। मरीजों के साथ आए तीमारदारों ने बताया कि इस मौसम में बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। पहले हल्का बुखार हो रहा है। उसके बाद तेज बुखार के साथ सर्दी व खांसी शुरू हो जा रही है। जिला अस्पताल लाने पर डॉक्टरों ने भर्ती कर लिया। एक मार्च से प्रतिदिन 1000 से अधिक ही मरीजों को इलाज जिला अस्पताल में हो रहा है।सीएमएस डॉ. आरबी राम ने कहा कि मौसम में परिवर्तन के चलते इन दिनों वायरल इन्फेक्शन का दौर चल रहा है। इसी से जुकाम, खांसी, बुखार से ज्यादा लोग पीड़ित हो रहे हैं। इसके अलावा सिर और बदन में दर्द से भी लोग परेशान हैं। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को त्वरित इलाज की व्यवस्था है। डॉक्टरों की टीमें वार्डों के लगाई गई हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में एक मार्च को 1017, दो को 1040, चार को 1090 मरीज आए। पांच मार्च को 1105, छह को 1110, सात को 1120, आठ को 1125 मरीज, नौ को 1132 और 10 मार्च को 1140 मरीज इलाज कराने गए जबकि 11 मार्च को 1120 मरीज अस्पताल की ओपीडी में दिखाने आए। जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर एएम भाष्कर का कहना है कि बदलते मौसम में थोड़ा संभल कर रहने की जरूरत है। ज्यादा तली भुनी चीजों को खाने से परहेज करना चाहिए। पानी पर्याप्त मात्रा में पानी चाहिए और दिनचर्या संयमित रखना चाहिए। इससे काफी हद का बीमारी से बचाव हो सकता है।