-नाली पर अवैध बने स्लैप को जेसीबी मशीन लगाकर हटवा दिया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। विकास खंड सदर के ग्राम पंचायत पनेवा-पनेई में बृहस्पतिवार को संचारी रोग अभियान के तहत हो रहे नाली की साफ-सफाई के दौरान बाधा उत्पन्न करने पर एसडीएम सदर ने पिता-पुत्र को शांति व्यवस्था भंग करने के मामले में जेल भेज दिया। बाद में जेसीबी मशीन लगाकर नाली से अवैध अतिक्रमण हटाया गया।
ग्राम पंचायत पनेवा पनेई में ग्राम प्रधान गुड्डू देवी की ओर से नालियों की साफ-सफाई कराई जा रही थी। गांव के सुरेंद्र पटेल अपने घर के सामने बने नाली पर रखें गए स्लैप को नहीं हटवा रहे थे, जिससे नाली सफाई कराने में दिक्कत हो रही थी। इसको लेकर ग्राम प्रधान से वह कहासुनी करने लगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर रमेश कुमार ने नाली पर बने अवैध स्लैब को जेसीबी मशीन लगाकर हटवा दिया और पिता पुत्र को जेल भेज दिया।
उप जिलाधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि आरोपी सुरेंद्र पटेल व उनके पुत्र शिवेंद्र पटेल को शांति व्यवस्था भंग करने पर जेल भेज दिया गया है।