एसडीएम ने मारा छापा, बालू से लदी दो ट्रॉली पकड़ी
निचलौल। नारायणी नदी के निकट बसे गांव बहुआर कला, बैठावलिया, गेड़हवा, बहुआर खुर्द के उपजाऊ खेत व दोबहा नाला से अवैध बालू का खनन जारी है। किसानों की शिकायत पर अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में नदी से सटे हो रहा बालू का अवैध खनन शीर्षक से खबर प्रकाशित किया। खबर को संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी अभय कुमार गुप्ता ने मंगलवार को अपनी टीम के साथ अवैध बालू खनन स्थल पर छापा मार कर अवैध बालू लदी दो ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ लिया। बालू माफिया मौके से गाड़ी छोड़ कर फरार हो गए। पकड़े गए ट्रैक्टर-ट्राली को उपजिलाधिकारी की टीम ने बहुआर पुलिस चौकी को सुपुर्द कर दिया।
अवैध बालू खनन को लेकर क्षेत्र के किसान संतोष, रामदरश, भीम सेन, पडोही, बृंदावन, शेखर ने बताया था कि नारायणी नदी से सटे गांव बहुआर कला, बैठावलिया, गेड़हवा, बहुआर खुर्द के उपजाऊ खेत व दोबहा नाला की फसलीय भूमि से बालू माफियाओं द्वारा बेखौफ अवैध बालू खनन किया जा रहा है, जिसके कारण इन खेतों में कई मीटर गहरे गड्ढे हो गए हैं। नदी के किनारे खनन के चलते बरसात में बाढ़ की सामना करना पड़ता है। मंगलवार को इस संबंध में खबर छपने के बाद पुलिस व तहसील के जिम्मेदार अधिकारियों में खलबली मच गई। उन्होंने मौके पर छापा मार कर कार्रवाई की। कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। उपजिलाधिकारी अभय कुमार गुप्ता ने बताया कि खनन स्थल पर छापेमारी कर दो अवैध बालू लदी ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ कर कार्रवाई करते हुए सीज कर दिया गया है।