वैज्ञानिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा विज्ञान क्लब
चार से 25 सितंबर के बीच विभिन्न जगहों पर आयोजित होंगे कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। विज्ञान क्लब जिले में वैज्ञानिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा। क्लब की तरफ से चार से 25 सितंबर के बीच में विज्ञान से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें बाल वैज्ञानिकों व विज्ञान से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने की पहल होगी।
जिले के बाल वैज्ञानिकों को विज्ञान से जुड़ी गतिविधियों का लाभ दिलाने के लिए नियमित कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐसा मंच प्रदान करना है, जिससे विज्ञान क्षेत्र की प्रतिभाएं उभर कर सामने आएं। साथ ही प्रतिभाएं समाज व देश के विकास में अपना अहम योगदान दे सकें। इसी सोच के तहत विज्ञान क्लब की तरफ से सितंबर माह में विविध कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को लाभान्वित करने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत क्लब की तरफ से विभिन्न जगहों पर अधिकारियों की देखरेख में व्याख्यान, प्रतियोगिता, जागरूकता कार्यक्रम, संगोष्ठी आदि कार्यक्रम आयोजित कर विज्ञान के विकास की पहल की जाएगी। कार्यक्रम को सफलता पूर्वक संचालित करने के लिए समन्वयक अखिलेश्वर राव व विमल पांडेय को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आयोजनों के माध्यम से जिले के विज्ञान क्षेत्र के मेधावियों को आगे आने का अवसर मिलेगा।
------------------------
सितंबर माह में आयोजित किए जाएंगे ये कार्यक्रम
विज्ञान क्लब की तरफ से चार सितंबर को बीडीओ व बीईओ सदर की देखरेख में साधु शरण भारद्वाज इंटर कॉलेज बेलवाकाजी में व्याख्यान, पांच सितंबर को सीएमओ व बीडीओ मिठौरा की देखरेख में दिग्विजयनाथ इंटर कॉलेज चौक में जागरूकता रैली, छह सितंबर को बीएसए व डीसी मनरेगा की देखरेख में बजरंगी सिंह इंटर कॉलेज घुघली में माडल व अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसी तरह सात सितंबर को सदर ब्लॉक सभागार में पीडी की देखरेख में ग्राम प्रधानों की नवप्रवर्तन संगोष्ठी, 12 सितंबर को जयपुरिया इंटर कॉलेज में पीडी की देखरेख में आपदा पर वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम, 14 सितंबर को सीएमओ व डीपीओ की देखरेख में जीजीआईसी धनेवा में कुपोषण पर जागरूकता कार्यक्रम, 18 सितंबर को एसडीएम व बीडीओ नौतनवां की देखरेख में नौतनवा इंटर कॉलेज में जन बचाओ पर जागरूकता कार्यक्रम तथा 24 व 25 सितंबर को जिला पंचायत सभागार में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।