882 ग्राम पंचायतों की आधारभूत सुविधाओं का तैयार हो रहा रिकॉर्ड
लेखपालों को दी गई है इस व्यवस्था के तहत सत्यापन का जिम्मा
महराजगंज। आने वाले समय में महज एक क्लिक पर जनपद की सभी 882 ग्राम पंचायतों का रिकॉर्ड सामने होगा। इसके लिए जिला प्रशासन राजस्व विभाग की मदद से जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (डीसीएचबी) तैयार करा रहा है। इससे प्रशासन गांव की जरूरत के आधार पर योजना लागू कर सकेगा।
जानकारी के अनुसार, आपके गांव में कितने स्कूल हैं, अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति कैसी है, कितने परिवारों को पेयजल मिल रहा है, सड़क और परिवहन की सुविधा कितनी है, बैंक और डाकघर कितने हैं, बिजली, सिंचाई और रोजगार की स्थिति अपडेट रहेगी। इसके लिए गांव की आधारभूत सुविधाओं का पूरा रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।
पहली बार गांवों की मौजूदा स्थिति का विस्तृत ब्योरा एक ही रिकॉर्ड में दर्ज किया जाएगा। इसके लिए सभी तहसीलों में तैनात लेखपालों को गांवों का स्थलीय सत्यापन कर निर्धारित प्रारूप में जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंचस्थानीय चुनाव कार्यालय के मनीष ने बताया कि 15 अगस्त से आंकड़ों का संकलन किया जाना है, जबकि 22 अगस्त तक रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
परिवार की संख्या सहित जमीन का विवरण भी होगा दर्ज
डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने बताया कि यह निर्देश शासन के निर्देश व एडीएम के आदेश पर ग्राम पंचायतों में लागू किया जा रहा है। सर्वे में प्रत्येक राजस्व गांव में परिवारों की संख्या, सिंचित और असिंचित भूमि, ग्राम समाज की भूमि, चकमार्ग, सड़क, नाली और जल निकासी व्यवस्था का विवरण दर्ज होगा। नहर, नदी, हैंडपंप, पेयजल टंकी समेत अन्य जल स्रोतों की स्थिति भी रिकॉर्ड में शामिल की जाएगी। साथ ही प्राथमिक और उच्च शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों, बैंक, डाकघर, बाजार, बस स्टॉप, रेलवे स्टेशन और टैक्सी स्टैंड की जानकारी भी जुटाई जा रही है। परिवहन सुविधाओं और बिजली आपूर्ति का ब्योरा भी दर्ज किया जाएगा।लेखपालों को मौके पर जाकर उपलब्ध सुविधाओं का सत्यापन करने के बाद आंकड़े निर्धारित प्रारूप फर दर्ज हो रहे हैं।
वर्जन
जिला जनगणना पुस्तिका तैयार कराई जा रही है। सर्वे से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर जिले की रीयल टाइम स्थिति का पता चलेगा। प्रत्येक राजस्व गांव की सुविधाओं का अद्यतन और प्रामाणिक रिकॉर्ड रखने के लिए यह व्यवस्था प्रभावी की गई है।
-डॉ. प्रशांत कुमार, एडीएम, महराजगंज।