भिटौली। घुघली थाना क्षेत्र में घर से 100 मीटर की दूरी पर खड़ी एक कार के चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की तो उन्हें कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर लिया।
न्यायालय में प्रस्तुत प्रार्थना पत्र के अनुसार रेहाना खातून निवासिनी चौमुखा, थाना घुघली ने बताया कि 6 मई 2026 को दोपहर 1 बजे उनके पति की कार घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर खड़ी थी। कुछ समय बाद जब वह वाहन के पास पहुंची तो कार वहां नहीं मिली। पीड़िता ने कार को आसपास काफी तलाशा, किंतु उसका पता नहीं चल सका।
आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने कार चुरा ली है। घटना की सूचना स्थानीय थाने पर देने के बाद पुलिस अधीक्षक को दी गई, जहां सिर्फ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। पीड़िता के अनुसार मामले में न तो प्राथमिकी दर्ज की गई और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई। इसके बाद वह न्यायालय गई, जहां से प्राथमिकी दर्ज करने के लिए संबंधित थाने की पुलिस को आदेश दिया गया।
इस संबंध में एसओ सूरज कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।