महाराजगंज। उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य एवं राज्यमंत्री स्तर प्राप्त सत्येन्द्र कुमार बारी ने जिले के विभिन्न स्थानों पर जनचौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के निर्देश दिए।
जनचौपाल में उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने आवास, राशन, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि और पेंशन योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया।
इस दौरान ग्रामीणों ने भूमि विवाद, राजस्व और पुलिस सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं रखीं। बारी ने अधिकारियों से इन मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि मेधावी विद्यार्थियों के लिए अभ्युदय कोचिंग संचालित है। इसके अलावा जिले के 30 संस्थानों में निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं आयोग तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।