फरेंदा में मिठाई की दुकानों पर नमुना लेती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम।
महराजगंज। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य विभाग ने बुधवार को अलग-अलग क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान दूध, दही, छेना की मिठाई और नारियल के लड्डू के नमूने लिए। जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय, डॉ. टीआर रावत के निर्देश पर अभियान चलाया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके उपाध्याय ने बताया कि अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य सामग्री के आठ नमूने लिए गए। सबसे पहले, फरेंदा रोड पर जयप्रकाश प्रजापति की गाड़ी से हेल्थवेज ब्रांड के दूध और दही के नमूने लिए गए।
इसके बाद, फरेंदा बाईपास पर स्थित तारा मिष्ठान भंडार (छेना निर्माण इकाई) का निरीक्षण किया गया, जहां से छेना की मिठाई और नारियल के लड्डू के नमूने एकत्र किए गए। तीसरे स्थान पर फरेंदा-नौतनवा रोड पर रानीपुर चौराहा स्थित भगतजी मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया गया जहां से छेना की मिठाई और खोया के नमूने लिए गए।
इसके बाद कोल्हुई चौराहा पर कुमार शीशमहल स्वीट हाउस का निरीक्षण कर मिल्क केक और चांदी वर्क युक्त छेना की मिठाई के नमूने एकत्र किए गए।