नौतनवा व सोनौली के मेडिकल स्टोरों पर ड्रग कंट्रोल विभाग ने की जांच, मचा हड़कंप
करीब 18 संदिग्ध दवाओं के सैंपल एकत्र कर दवाओं की खरीद बिक्री पर लगाई रोक
महराजगंज/नौतनवा। ड्रग कंट्रोल विभाग के चार जनपदों के औषधि निरीक्षकों ने नशीली दवाओं पर रोक लगाने के लिए बुधवार की दोपहर में सोनौली और नौतनवा में करीब 20 दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान करीब 18 दवाओं के सैंपल लिए गए। साथ ही सोनौली की तीन और नौतनवा की एक दवा की दुकान पर बिक्री करने पर रोक लगा दिया। छापा मार कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ मुख्यालय की ओर से गोरखपुर मंडल के सहायक आयुक्त संदीप गुप्ता के नेतृत्व में गठित ड्रग्स विभाग के चार जनपदों के औषधि निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने बुधवार को नौतनवा एवं सोनौली कस्बे में स्थित विभिन्न दवा की दुकानों पर छापे मारे।टीम ने जिले में नशे की दवाओं, अवैध मेडिकल स्टोर संचालकों और प्रतिबंधित दवाओं पर रोक लगाने के लिए यह कार्रवाई की।
सहायक आयुक्त गोरखपुर मंडल संदीप गुप्ता एवं महराजगंज औषधि निरीक्षक नवीन कुमार ने बताया कि नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर रोकथाम को लेकर औचक जांच अभियान चलाया गया। थोक दवाओं के लाइसेंस की जांच में जिन दुकानों में अनियमितता पाई गई है, उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
नौतनवा सोनौली की आठ दुकानों से संदिग्ध दवाओं के सैंपल लिए गए हैं। इसके अलावा नौतनवा कस्बे में स्थित एक मेडिकल स्टोर एवं सोनौली कस्बा स्थित तीन मेडिकल स्टोर के संचालन में खामियां पाए जाने पर उनके विरुद्ध औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम की धारा के अंतर्गत कार्रवाई कर दुकानों के क्रय-विक्रय पर रोक लगाया गया है।
छापेमारी टीम में सहायक आयुक्त गोरखपुर मंडल संदीप गुप्ता के नेतृत्व में बस्ती औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार, देवरिया औषधि निरीक्षक राघवेंद्र, गोरखपुर औषधि निरीक्षक सिद्धेश्वर शुक्ला एवं महराजगंज औषधि निरीक्षक नवीन कुमार शामिल रहे।
शिकायत पर कार्रवाई की चर्चा
क्षेत्र में चर्चा है कि नशे की दवा की बिक्री की शिकायत पर मेडिकल स्टोरों की जांच की गई है। कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मचा रहा। एक दूसरे से फोन कर संचालक जानकारी लेते रहे।
वर्जन
सोनौली और नौतनवा में करीब 20 दुकानों की जांच की गई। चार दुकानों पर बिक्री पर रोक लगाई गई है। इस तरह की कार्रवाई आगे भी की जाएगी।
-नवीन कुमार, महराजगंज औषधि निरीक्षक