महराजगंज। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में उद्योग व व्यापार बंधु की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने अनुपस्थित रहने पर नेडा विभाग के लिपिक का एक दिन का वेतन रोक दिया।
जिलाधिकारी ने बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी सहित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी ली। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में अबतक शासन की ओर से लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है। 45 आवेदन बैंकों को प्रेषित किए जा चुके हैं। विभिन्न बैंकों की ओर से 15 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में भौतिक लक्ष्य 127 (246.46) के सापेक्ष 75 आवेदन विभाग की ओर से विभिन्न बैंकों को प्रेषित किए जा चुके हैं। इनमें अलग-अलग बैंकों की ओर से 37 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। 35 मामलों में ऋण वितरित भी किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं में प्राथमिकता के आधार पर ऋण वितरण के निर्देश दिए। बैठक में व्यापारियों ने सिसवा-गोरखपुर और सिसवा-महराजगंज मार्ग पर बस परिचालन न होने का मुद्दा उठाया, जिस पर जिलाधिकारी ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी, सहायक आयुक्त राज्यकर प्रियंका श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त उद्योग राकेश जयसवाल, ईओ नगर पालिका महराजगंज आलोक कुमार मिश्रा मौजूद रहे।