महराजगंज। सदर विकास खंड के केवलापुर से जिनवा टोला तक एक करोड़ रुपये की लागत से 1100 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। शुक्रवार को सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने पूजन-अर्चन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस मौके पर विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़कें क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। बेहतर सड़क से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलती है।
विधायक ने कहा कि यह सड़क बनने से ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य समय से पूरा कराया जाए। गुणवत्ता में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान पूर्व मंडल अध्यक्ष जय हिंद चौधरी, ग्राम प्रधान राम सवारे यादव, धर्मेंद्र मौर्य, पारिखन गुप्ता, शिवाकांत गुप्ता, प्रदीप भारती, अजीत यादव, रणविजय चौधरी, सहायक अभियंता कर्ण सिंह, अवर अभियंता योगेश तिवारी और पवन कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।