नौतनवां में सर्वाधिक 5 और सिसवां में 3 सड़कें स्वीकृत, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग से टेंडर जारी
महराजगंज। जनपद के 12 ग्रामीण संपर्क मार्ग पूर्वांचल विकास निधि (राज्यांश) से संवारे जाएंगे। आठ करोड़ रुपये की लागत से इन सड़कों को बेहतर किया जाएगा। चार करोड़ रुपये अवमुक्त करने के बाद ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की तरफ से निविदा जारी की गई है।
ग्रामीण क्षेत्र में आवागमन की दुश्वारियों को कम करने में पूर्वांचल विकास निधि (राज्यांश) मददगार बनेगी। इसकी मदद से जनपद की 12 सड़कों का पुर्ननिर्माण स्वीकृत किया गया है। इनमें से 5 मार्ग नौतनवां, 3 सिसवां बाजार, पनियरा की दो और सदर एवं फरेंदा ब्लाॅक के एक-एक मार्ग शामिल हैं। उक्त सड़कें लंबे समय से जर्जर अवस्था में थीं जिसके कारण ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाई होती थी। कुछ रास्तों की हालत इतनी खराब है कि अक्सर राहगीर घायल होते हैं। सदर के रमपुरवा में सीसी रोड की सहूलियत से बारिश के वक्त मार्ग पर पानी जमा हो जाता था अब इससे निजात मिलेगी। समस्या को देखते हुए विभाग ने जनपद की 12 सड़कों के लिए प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद आगे प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वर्जन
पूर्वांचल विकास निधि राज्यांश से जनपद के 12 संपर्क मार्गों की स्थिति सुदृढ़ होगी। इससे ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत होगी।
-प्रवीन कुमार भारती, अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण, महराजगंज