गन्ना लदा अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रेलर घर में घुसा
- फोटो : अमर उजाला
सिसवा बाजार (ब्यूरो)। कस्बे के गोपाल नगर में बृहस्पतिवार की भोर में लगभग पांच बजे गन्ना लदा एक ट्रैक्टर-ट्रेलर बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर एक मकान में घुस गया। इससे मकान के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मौका देख चालक वाहन छोड़कर भाग गया।
कुशीनगर जनपद के नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के ग्राम सभा बलुआं निवासी देवराज यादव का पुत्र बृजेश यादव बृहस्पतिवार की भोर में सिसवा स्थित चीनी मिल में अपने घर से गन्ना गिराने के लिए ट्रैक्टर-ट्रेलर लेकर निकला। बृजेश करीब पांच बजे जैसे ही कस्बे में पहुंचा तो कोहरे के कारण कुछ दिखाई नही दे रहा था। गोपाल नगर के पास अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया तभी बृजेश ने तेज ब्रेक लगाया जिसके कारण गन्ना लदा हुआ ट्रैक्टर-ट्रेलर अनियंत्रित होकर मुहल्ला निवासी दुग्गी रौनियार के मकान में जा घुसा। जिसके कारण मकान का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद चालक बृजेश भाग गया।