पेट्रोल पंप पर गैलनों में बेचा जा रहा ईंधन।
चौक बाजार। चौक नगर पंचायत स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर शनिवार की शाम नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया। पेट्रोल-डीजल लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, लेकिन व्यवस्था पूरी तरह चरमराई नजर आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब पंप कर्मियों द्वारा वाहनों में ईंधन भरने के बजाय बड़े-बड़े गैलनों और डिब्बों में पेट्रोल-डीजल दिया जाने लगा। यह न केवल सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है बल्कि किसी भी बड़े हादसे को आमंत्रण देने जैसा है। स्थानीय लोगों ने इस अव्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि नियमों के विपरीत गैलनों में ईंधन देने से कालाबाजारी और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। उनका आरोप है कि भीड़ का फायदा उठाकर कुछ लोग बड़ी मात्रा में ईंधन जमा कर रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौके पर न तो पर्याप्त निगरानी दिखाई दी और न ही किसी तरह की सख्ती। इससे साफ है कि जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से लापरवाही बरती जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पेट्रोल पंपों पर नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस संबंध में पूर्ति निरीक्षक बालेश्वर मणि त्रिपाठी ने बताया कि पेट्रोल गैलन में देना ठीक नहीं है यदि ऐसा किया जा रहा है तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।