नेपाल जा रहे वाहनों के आगे कुछ पीछे के वाहन निकलने पर ट्रक चालकों ने हंगामा शुरू कर दिया। गुरुवार रात सैकडों की संख्या में चालक अपने वाहन पास कराने को लेकर रात भर जागते रहे।
आरोप है कि करीब दो बजे पुलिस की मिलीभगत से टैक्सी स्टैंड पर लाइन से हटाकर कुछ वाहनों को आगे बढ़ा दिया गया जबकि लाइन में लगे वाहनों को रोक लिया। इससे ट्रक चालकों में नाराजगी बढ़ गई। सभी सड़क पर हंगामा करने लगे। पुलिस के लाठी पीटने के बाद भी चालक नहीं हिले तो एक दो वाहनों को छोड़ सभी को वापस कर दिया।
सुबह कस्टम अधिकारियों ने टोकन सारणी नहीं मिलने पर नोमेंसलैंड से वापस कर दिया। कस्टम कार्यालय द्वारा जारी टोकन के बाद भी कुछ एजेंट अपने वाहनों को पुलिस से साठ गांठकर तो कुछ ट्रांसपोर्टर गोदाम में खाली करने के नाम पर वाहन लाए थे। जिसका चालकों ने विरोध किया।मधेशी आंदोलन के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग को छोड़कर अन्य मार्ग बंद हैं। पुलिस टोकन के आधार पर ट्रकें पास करा रही है।