महराजगंज। विकास भवन सभागार में सोमवार सीडीओ महेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आरटीई के तहत निशुल्क शिक्षा आवेदकों का चयन ई-लाटरी के मार्फत किया गया। देर शाम आयोजित इस कवायद के तहत 528 आवेदकों को स्कूल अलाट किया गया। 102 आवेदक ऐसे रहे जिन्हें स्कूल नहीं अलाट हो सका। इन आवेदकों को अब तीसरे चरण के आरटीई प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। दूसरे चरण की लाटरी के लिए कुल 630 आवेदनों को ई- लाटरी प्रक्रिया में शामिल किया गया।
शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए आरटीई से दूसरे चरण में विभाग को कुल 1755 आवेदन प्राप्त हुए। विभाग ने आवेदनों का सत्यापन कराने के बाद 630 को पात्र मानकर लॉटरी प्रक्रिया में सम्मिलित किया। सीडीओ व विभागीय अधिकारी कर्मचारी की मौजूदगी में हुई ई-लॉटरी परिणाम घोषित होने के बाद 528 बच्चों को जिले के विभिन्न निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए आवंटन मिला। हालांकि सीटों की सीमित उपलब्धता के चलते 102 बच्चों को इस चरण में विद्यालय आवंटन नहीं हो सका।
सीडीओ महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रक्रिया में विभिन्न विभागों की मौजूदगी रही और प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। इससे अभिभावकों को प्रक्रिया पर भरोसा मजबूत हुआ है। निजी स्कूलों के 25 फीसदी सीटें आरटीई के तहत रिजर्व रखी जाती हैं जिसमें इस प्रक्रिया से प्रवेश दिया जाता। स्कूलों को शुल्क प्रतिपूर्ति 450 रुपये प्रतिमाह की दर से शासन की तरफ से दिया जाता है। डीबीटी की तरह 5000 अभिभावक खाते में स्टेशनरी व ड्रेस के लिए दिया जाता है।
दूसरे चरण की प्रक्रिया सीडीओ व अन्य विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में सकुशल संपन्न कराई गई। इस चरण में स्कूल आवंटन न होने वाले आवेदकों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। उन्हें अगले चरण में प्राथमिकता मिलेगी। अगले चरण की प्रक्रिया 12 से प्रभावी होगी।
-रिद्धि पांडेय, बीएसए, महराजगंज