महराजगंज। जुलाई में शुरू हो रही कांवड़ यात्रा को देखते हुए महराजगंज परिवहन डिपो इंतजाम में जुट गया है। निगम के राज्य कार्यालय से मिले निर्देश क्रम में विभाग चार नई बस शुरू करने की रिपोर्ट तैयार करा रहा है, जिसे राज्य कार्यालय भेजा जा सके।
फरवरी में प्रयागराज महाकुंभ में अच्छी कमाई कर चुका महराजगंज डिपो अब सावन की कांवड़ यात्रा के लिए रूट के मुताबिक बस संचालित करने की योजना बना रहा है। वाराणसी के लिए दो नई बसें शुरू की जाएगी। इस रूट पर पहले से एक बस संचालित है। ऐसे में इसपर तीन बसें हो जाएंगी।
जिले से बड़ी मात्रा में लोग पवित्र माह में विश्वनाथ धाम में अभिषेक करने जाते हैं उन्हें नई सेवा से लाभ मिलेगा। इसी प्रकार अयोध्या के नागेश्वर नाथ जाने वालों के लिए भी इस रूट पर एक अतिरिक्त बस चलाई जाएगी। इस रूट पर दो बसें पहले से हैं। नई बस से इस मार्ग पर भी इनकी संख्या तीन हो जाएगी।
एआरएम सर्वजीत वर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए शिवभक्तों के लिए चार नई सेवा एक माह के लिए शुरू की जाएगी। परिवहन निगम के राज्य कार्यालय से मिले निर्देश क्रम में चारों बसों की फिटनेस और जो कमी है उसे वर्कशॉप भेजकर ठीक कराया जाएगा।