चालकों के कमी से निचलौल डिपो की आठ बसें वर्कशाप में खड़ी
महराजगंज से दिल्ली, प्रयागराज व लोकल सेवा प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। निचलौल बस डिपो प्रशासन की तरफ से यात्रियों को बेहतर सेवा दिए जाने का दावा फेल साबित हो रहा है। डिपो में चालकों की कमी के कारण आठ बसें वर्कशाप में खड़ी हैं। इससे महराजगंज से दिल्ली जाने वाली दो, प्रयागराज की दो और लोकल में लगी चार बसों की सेवा यात्रियों को नहीं मिल पा रही है। उधर, अधिकारी इस मसले को लेकर गंभीर नहीं हैं जबकि यात्रियों को प्राइवेट बस की सेवा लेने पड़ रही है।
निचलौल डिपो की ओर से मिली जानकारी के अनुसार डिपो में कुल 44 बसें हैं। इसके अलावा 4 अनुबंधित बसों का संचालन होता है। वर्तमान में केवल 40 बसों का ही संचालन हो रहा है। डिपो में उपलब्ध बसों के संचालन के लिए 100 से अधिक चालकों की जरूरत बताई जा रही है। वर्तमान में केवल 82 चालकों की ही तैनाती है। जिसके कारण रोडवेज की आठ बसें संचालित नहीं हो रही हैं।
लोगों ने बताया कि जिला मुख्यालय से आवागमन के लिए बस ही प्रमुख साधन है। रेलवे की सुविधा जिला मुख्यालय पर नहीं है। ऐसे में रोडवेज की बसों की सुविधा नहीं मिलने से समस्या हो रही है। प्राइवेट बसों का सहारा लेकर यात्रा करनी पड़ती है। दिल्ली जाने के लिए दो बसों की सेवा बंद हो गई है। इससे यात्रियों को ज्यादा परेशानी हो रही है। प्रयागराज जाने के लिए तो महराजगंज से कोई बस नहीं मिल रही है। गोरखपुर जाने के बाद ही प्रयागराज की बस मिलती है।
स्टेशन प्रभारी केपी नायक का कहना है कि डिपो में चालकों की कमी से बसों के संचालन में थोड़ी समस्या हो रही है। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। चालक मिलते ही डिपो में खड़ी बसों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।
-------
इन मार्गों पर चलती हैं रोडवेज की बसें
महराजगंज से दिल्ली जाने के लिए 14 बसें संचालित थी लेकिन चालकों की कमी से दो बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। वहीं वाराणसी जाने के लिए दो, बृजमनगंज, धानी, गांगी, घुघली, सिसवां, खुशहालनगर, सिसवां- सिंदुरिया, निचलौल- चिउटहां, फुर्सतपुर, ठूठीबारी- सिसवां, लक्ष्मीपुर भुजहवां जाने के लिए एक-एक बस चलती है। इसके अलावा 9 बसें महराजगंज- गोरखुपर- ठुठीबारी मार्ग पर चलती हैं। हालत यह है कि इन मार्गों पर बस सेवा का लाभ बेहतर ढंग से यात्रियों को नहीं मिल पा रहा है।