महराजगंज। शहर से बागापार तक की 10 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण जल्द शुरू होगा। 20 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़क की वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। अन्य प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद जल्दी सड़क निर्माण शुरू होगा। सड़क बनने से करीब एक लाख की आबादी को सीधा फायदा होगा।
जानकारी के अनुसार, प्रांतीय खंड ने आठ माह पूर्व इस परियोजना के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। तीन दिन पहले अब वित्त व्यय समिति ने इस एस्टीमेट को अनुमोदित कर दिया है। आने वाले दिनों में प्रक्रिया पूरी होने पर सड़क चौड़ीकरण का काम शीघ्र प्रारंभ हो सकेगा। वर्तमान में राहगीरों के लिए इस सड़क से आना-जाना मुश्किल हो गया है।
दीपक जायसवाल ने बताया कि यह सड़क जिला मुख्यालय जाने के लिए मुख्य मार्ग हैं। इस सड़क से होकर बागापार, बेलवाकाजी, कवलदह विजयपुर, बरगदवाराजा, सलामतगढ़, आराजी जगपुर, केवलापुर खुर्द, परासखांड़, नाथनगर, बेलभरियां, कम्हरिया कला, बरवाराजा, बरईपट्टी, चैनपुर, रामपुर बुजुर्ग, लखिमा थरुआ, कटहरा, समरधीरा खालिकगढ़, अमहवा, गौहरपुर, पुरंदरपुर, मोहनापुर, बरगदवा रामसहाय, मुड़िला, हरमंदिर, लेहड़ा आदि गांवों के हजारों लोग अपने जरूरी कार्यों को लेकर जिला मुख्यालय जाते हैं। गड्ढों की वजह से राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के चौड़ीकरण से न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि वाहन फर्राटा भरेंगे। लखिमा के मिथिलेश सिंह ने बताया कि सड़क की स्थिति कई स्थानों पर बहुत खस्ताहाल हो चुकी है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। संकरी सड़क से असुविधा होती है। रामपुर के दिनेश कुमार ने बताया कि चौड़ी सड़क से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। यह सड़क लक्ष्मीपुर देवदह पर्यटन स्थल जाने का मुख्य मार्ग हैं। बेहतर सड़क संपर्क से पर्यटकों के लिए यात्रा करना आसान होगा।