महराजगंज। निचलौल विकास खंड क्षेत्र के मुसहर ग्रामसभा भेड़िहारी में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गई हैं। सड़क धंसने और जलभराव से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों एवं बुजुर्गों का आवागमन मुश्किल हो गया है। नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन कर सड़क की मरम्मत और नाली निर्माण की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार, सुनील कुमार के घर से विंध्याचल चौहान के घर तक जाने वाली सड़क कई स्थानों पर धंस गई है, जिससे बरसात का पानी जमा हो गया है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे इसी मार्ग से गुजर रहे बुजुर्ग चंद्रिका साहनी बाइक समेत फिसलकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के चलते बबीता देवी के घर में भी पानी घुस गया है। इससे कीड़े-मकोड़ों के प्रवेश और संक्रामक रोग फैलने की आशंका बढ़ गई है। वहीं उमेश के घर से भग्गन के घर तक जाने वाली सड़क भी धंस गई है, जिससे वहां भी पानी भर गया है। ग्रामीण गीता, अनीता, मनोरमा, बबीता, भूटेली, जीतन, उमेश, श्यामदेव, चंद्रिका, सुनील कुमार, रामअवतार और रंजीत यादव ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई।
उनका कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बन जाती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। खंड विकास अधिकारी संतोष यादव ने बताया कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आई है। संबंधित ग्राम सचिव और सफाईकर्मियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। समाधान का प्रयास किया जाएगा।