गोरखपुर सोनौली राजमार्ग फरेंदा में दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन।
- फोटो : MAHARAJGANJ
रोडवेज बस व बोलरो की टक्कर में दो लोगों की मौत
फरेंदा (महराजगंज)। गोरखपुर सोनौली राजमार्ग पर जंगल में बृहस्पतिवार की सुबह 7.45 बजे सोनौली डिपो की रोडवेज बस की बोलेरो से टक्कर हो गई। इस घटना में बोलेरो चालक व एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोग व पुलिस की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी भेजवाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
फरेंदा थाना क्षेत्र के पिपरातहसीलदार निवासी सुजीत यादव (35) अपनी मां रामपती देवी (60) को लेकर दवा कराने गोरखपुर जा रहे थे। साथ में सुजीत की बहन बनकटी निवासी चानमती देवी (45) भी थीं। उन्होंने पिपरातहसीलदार निवासी रविकांत (30) की बोलेरो लेकर गोरखपुर दवा कराने के लिए निकले थे। बोलेरो फरेंदा कैम्पियरगंज जंगल में एक होटल के समीप जैसे ही पहुंची, सामने से आ रही सोनौली डिपो की रोडवेज बस से जबरदस्त टक्कर हो गई। इस घटना में बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। चालक रविकांत की बोलेरो में दबकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना लोगों ने तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी भेजवाया। जहां पहुंचते ही रामपती देवी को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सुजीत यादव व चानमती देवी को भी गंभीर चोटें लगी हैं, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। वहीं घटनास्थल पर बोलेरो में फंसे चालक रविकांत के शव को पुलिस ने क्रेन बुलवाकर निकलवाया।
दुर्घटना में हुई दो मौत की सूचना गांव में जैसे ही पहुंची तो वहां कोहराम मच गया। काफी संख्या मे पुरुष व महिलाएं ग्राम प्रधान गणेश निषाद के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इस संबंध में थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिली है। उसी के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।