मुहर्रम में भारी वाहनों पर रोक के कारण से गेटपास की अवधि समाप्त
परतावल। मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाए जाने से चावल से लदा एक ट्रक निर्धारित समय पर मंडी नहीं पहुंच सका। इसी बीच मंडी की ओर से जारी गेटपास की अवधि समाप्त हो गई। आरोप है कि सभी कागजात सही होने और देरी का कारण लिखित रूप से बताने के बावजूद परतावल में ट्रक को करीब तीन घंटे तक रोके रखा गया।
जानकारी के अनुसार, हिन्दुस्तान इंडस्ट्रीज, अमीरगंज, लक्ष्मीपुर, महराजगंज की ओर से लगभग 299.920 क्विंटल चावल के परिवहन के लिए बीते 25 जून को कृषि उत्पादन मंडी समिति, नौतनवा से गेटपास जारी किया गया था। नौतनवा से ट्रक को चावल लेकर परतावल के रास्ते बिहार जाना था। परतावल से पहले पनियरा मार्ग पर मुहर्रम जुलूस निकलने के कारण पुलिस ने भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया।
मंडी इंस्पेक्टर प्रेम शंकर तिवारी ने बताया कि ट्रक के गेटपास की अवधि समाप्त हो चुकी थी। आवश्यक तहकीकात के लिए ट्रक को रोका गया था। जांच पूरी होने के बाद ट्रक को छोड़ दिया गया।