महराजगंज। चार दिनों से हल्की बारिश ने तापमान लुढ़का कर सांस के रोगियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 20 सांस के रोगी पहुंचे। चिकित्सकों ने उन्हें सलाह और जरूरी दवाओं का परामर्श दिया।
शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 620 रोगियों का उपचार हुआ। वायरल फीवर के रोगियों की अधिकता रही। इस दौरान सांस रोग के 20 रोगी भी पहुंचे। डाॅ. रंजन सिंह ने जांच रिपोर्ट देखकर रोगियों को परामर्श दिया। उन्होंने बताया कि वायरल फीवर के कारण लोगों की इम्युनिटी पहले से कमजोर है। ऐसे में अचानक बढ़ी ठंड से कुछ लोगों को सांस फूलने की परेशानी हो रही है। जिन्हें सांस लेने में असुविधा या दम फूलने की शिकायत है वह बिना गर्म कपड़े के बाहर न निकलें और व्यायाम इत्यादि करते हैं तो गर्म कपड़े में ही व्यायाम करें। इस समय हल्के कपड़ों में रहना, ठंडा पानी व ठंडे खाद्य पदार्थ का सेवन करना सांस की समस्या बढ़ा रहा है। जो रोगी पहले से दमा इत्यादि से पीड़ित हैं वह अपनी दवा नियमित लेते रहें। इन्हेलर का उपयोग करना न बंद करें। किसी तरह की असुविधा हो तो तत्काल जिला अस्पताल में संपर्क कर सलाह जरूर लें।
सीएमएस डाॅ. एके द्विवेदी ने बताया कि सांस रोगियों के लिए अस्पताल में ऑक्सीजन मीटर, किट व नेबुलाइजर के प्रबंध हैं। जिन मरीजों को असुविधा हो रही वह ओपीडी में चिकित्सक की सलाह पर उपलब्ध सहूलियत प्राप्त कर सकते हैं।