महराजगंज। प्री बोर्ड परीक्षा की तैयारी आखिरी दौर में पहुंच चुकी है। बृहस्पतिवार को जीएसवीएस में 279 माध्यमिक स्कूलों को प्री बोर्ड के रिजर्व प्रश्नपत्र देने के लिए बुलाया गया था। ज्यादातर स्कूल के प्रधानाचार्यों ने इसे प्राप्त भी किया लेकिन 40 स्कूल प्रश्नपत्र लेने नहीं पहुंचे। वितरण के लिए लगे कर्मियों ने देर शाम इसकी सूचना डीआईओएस कार्यालय को दी है।
यूपी बोर्ड की परीक्षा से पहले हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 70,701 परीक्षार्थियों को प्री बोर्ड से गुजारकर उनकी तैयारी परखी जाएगी। परीक्षा के लिए बृहस्पतिवार को रिजर्व प्रश्नपत्र सेट जीएसवीएस स्कूल में काउंटर के जरिये वितरित किए गए। पहले काउंटर की जिम्मेदारी अराजीजगपुर के प्रधानाध्यापक सुभाषचंद्र व राजकीय सिंहपुर के अनमोल यादव ने निर्वहन किया। काउंटर नंबर दो पर राजकीय बरवां राजा के सुरेंद्र प्रसाद व राजकीय विश्वनाथपुर के हरिश्चन्द्र विश्वकर्मा ने एवं अंतिम काउंटर पर राजकीय पकड़ी के सुरेंद्र चौधरी व रामजी प्रसाद के जिम्मे रही। 12 जनवरी से 21 जनवरी तक होने वाली प्री बोर्ड परीक्षा के लिए रिजर्व प्रश्नपत्र वितरित किया गया। 239 स्कूलों ने शाम पांच बजे तक प्रश्नपत्र सेट प्राप्त किए लेकिन 40 स्कूलों से किसी प्रतिनिधि के नहीं पहुंचने के कारण उन्हें प्रश्नपत्र नहीं दिए जा सके। राम जी प्रसाद ने बताया कि देर शाम तक वितरण के बाद रिपोर्ट डीआईओएस कार्यालय भेजी गई है।