रैंडम सैंपल के लिए 10 लोगों को जिला अस्पताल भेजा
हॉटस्पॉट गांवों में क्वारंटीन किए गए लोगों की स्क्रीनिंग की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
लक्ष्मीपुर(महराजगंज)। क्षेत्र के हॉटस्पॉट गांव विशुनपुर फुलवरिया व विशुनपुर कुर्थिया में क्वारंटीन किए गए लोगों की बृहस्पतिवार को स्क्रीनिंग की गई। क्वारंटीन किए गए लोगों में से 10 लोगों को रैंडम सैंपल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर के अधीक्षक डॉ. दिवाकर राय के नेतृत्व में गांव में पहुंची स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों से पूछताछ के साथ ही गांव में तैनात सुरक्षा कर्मियों की स्क्रीनिंग की। इसके बाद पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में टीम क्वारंटीन सेंटर पर पहुंची, जहां लोगों की स्क्रीनिंग करने के साथ ही उन्हें सोशल डिस्टेंस की हिदायत दी। स्वास्थ्य टीम ने हॉटस्पॉट गांवों में 14 दिन की क्वारंटीन अवधि पूरा कर चुके 10 लोगों को रैंडम सैंपल के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। डॉ. दिवाकर राय ने बताया कि गांव में रैपिड रिस्पांस टीम व आशा तथा एएनएम हर वक्त तैनात हैं। इसके साथ ही समय समय पर स्वास्थ्य टीम पहुंच कर लोगों की स्क्रीनिंग करती रहती है। वहीं सुरक्षा में लगे कर्मचारियों का भी स्वस्थ्य रहना जरूरी है, लिहाजा उनकी भी स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान डॉ. उमर, फार्मासिस्ट रामकृष्ण जायसवाल, इंहेसार अहमद मौजूद रहे।
-----------
शाखा प्रबंधक ने लिखा पत्र, मांगा सहयोग
क्षेत्र में कोरोना के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद हॉटस्पॉट गांवों को लेकर स्थानीय बैंकों के कर्मचारी सचेत हैं। वह किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं उठाना चाह रहे हैं, जिसके मद्देनजर बैंक में खाताधारकों की बड़ी संख्या को देखते हुए सोशल डिस्टेंस बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष को पत्र लिखकर सहयोग की मांग की। बडौदा यूपी बैंक लक्ष्मीपुर के शाखा प्रबंधक मुकेश दुबे ने थानाध्यक्ष पुरंदरपुर को लिखे पत्र में कहा है कि भारत सरकार/ प्रदेश सरकार द्वारा जनधन खाता धारकों एवं प्रधानमंत्री कृषि सम्मान योजना के लाभार्थियों के बैंक खातों में राहत राशि भेजी गई है, जिस कारण शाखा में अत्यधिक भीड़ हो रही है। शाखा में सोशल डिस्टेंस की समुचित व्यवस्था की गई है। ग्राहकों से सोशल डिस्टेंस का आग्रह भी किया जा रहा है, लेकिन ग्राहकों द्वारा शाखा के बाहर इसका पालन नहीं किया जा रहा है। थानाध्यक्ष पुरंदरपुर शाह मुहम्मद ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है।
--------------
फ्रांसीसी परिवार का हाल जानने पहुंचे अधिकारी
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोल्हुआ उर्फ सिहोंरवा के एक मंदिर में एक फ्रांसीसी परिवार रह रहा है, जो टूरिस्ट वीजा पर बीते एक मार्च 2020 को पाकिस्तान से बाघा बार्डर होते हुए भारत आया था। लेकिन पूरे देश में लॉकडाउन होने व नेपाल सीमा सील होने के कारण वह नहीं जा सका। ऐसे में फ्रांसीसी परिवार ने क्षेत्र के एक मंदिर में ही अपना आशियाना बना लिया है। जहां बृहस्पतिवार को उच्चाधिकारियों के आदेश पर पुलिस क्षेत्राधिकारी फरेन्दा अशोक कुमार मिश्र मौके पर पहुंच कर पर्यटक परिवार का हाल जाना। उन्होंने उक्त परिवार को रोजमर्रा से जुड़ी वस्तुओं तथा राशन व फल आदि मुहैया कराया। उन्होंने फ्रांसीसी परिवार के लोगों से सोशल डिस्टेंस बनाए रखने के लिए कहा।