नौतनवा तहसील में स्थापित रजिस्ट्री कार्यालय में लगी भीड़।
शुक्रवार को पूरे दिन में मात्र 12 और शनिवार को दोपहर तक मात्र 5 बैनामा की पूर्ण हुई प्रक्रिया
बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने व्यक्त की नाराजगी, ठोस समाधान की मांग
नौतनवा। तहसील में स्थापित रजिस्ट्री कार्यालय का सर्वर पिछले दो दिनों से ठप है। इसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को भी बैनामा की प्रक्रिया सुस्त चलने से पूरे दिन क्रेता और विक्रेता तहसील में परेशान रहे। जबकि कुछ लोग निराश होकर वापस घर लौट गए।
सर्वर ठीक से काम नहीं करने के कारण सरकारी राजस्व को भारी क्षति पहुंचने के साथ ही आमजन के समय का भी नुकसान हो रहा है। सर्वर में हो रही समस्या के कारण रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। बता दें कि सर्वर के सुचारु रूप से कार्य करने पर जहां सामान्य दिनों में प्रतिदिन 30 से 35 रजिस्टर्ड बैनामा की प्रक्रिया पूरी कर ली जाती थी। वहीं शुक्रवार को सर्वर के दगा देने से पूरे दिन में मात्र 12 और शनिवार की दोपहर 3 बजे तक मात्र पांच बैनामे की प्रक्रिया ही पूरी हो पाई।
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव एवं सचिव दयानंद यादव ने बताया कि सर्वर की समस्या के कारण वादकारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उच्चाधिकारियों के संज्ञान में होने के बाद भी इस समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है।
प्रभारी उपनिबंधक रंजीत सिंह ने बताया कि पूरे प्रदेश के रजिस्ट्री कार्यालय में तकनीकी खराबी के कारण सर्वर नहीं चल रहा है। उच्चाधिकारी भी स्थिति से अवगत हैं। सर्वर की समस्या में सुधार और उसका समाधान हो सके इसके लिए विभागीय स्तर से हर मुमकिन प्रयास किए जा रहे हैं।