प्रवेश के लिए पंजीकरण 20 से, सात से शुरू होगा प्रशिक्षण
- डीएलएड-2021 मे प्रवेश को लेकर जारी किया गया कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। डीएलएड पाठ्यक्रम में वर्ष 2021में प्रवेश को लेकर समयसारिणी जारी कर दी गई है। 20 जुलाई से आनलाइन पंजीकरण प्रारंभ होगा। चयन प्रक्रिया पूरी कराने के उपरांत सात अगस्त से प्रवेश पाने वाले अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण प्रारंभ होगा।
शासन द्वारा निर्धारित किए गए व्यवस्था के तहत 20 जुलाई को अभ्यर्थी आनलाइन पंजीकरण कराने के साथ ही शुल्क भी जमा कर सकेंगे। पंजीकरण कराने की अंतिम तिथि 10 अगस्त तथा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 11 अगस्त निर्धारित है। ऑनलाइन आवेदन पूर्ण कर प्रिंट लेने की अंतिम तिथि 12 अगस्त है।
राजकीय एवं निजी संस्थानों में आवंटित सीटों के सापेक्ष चयन के लिए अभ्यर्थियों से संस्थान का विकल्प लेने एवं एनआईसी लखनऊ द्वारा संस्थान आवंटित करने के लिए प्रथम चरण की काउंसिलिंग 18 से 30 अगस्त तक होगी। अभिलेखीय जांच एवं प्रवेश की कार्यवाही कर प्रवेशित अभ्यर्थियों की सूचना वेबसाइट पर अपलोड करने की तिथि छह सितंबर तथा प्रशिक्षण के प्रारंभ किए जाने की तिथि सात सितंबर निर्धारित की गई है। रिक्त सीटों की प्रक्रिया 13 सितंबर से 29 सितंबर के बीच पूरी कराई जाएगी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य रवींद्र सिंह ने बताया कि डीएलएड-2021 में प्रवेश को लेकर कार्यक्रम जारी किया गया है। प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी जारी समयसारिणी के मुताबिक आवेदन करना सुनिश्चित करें।