83 बोरी विदेशी मटर की बरामद
निचलौल। थाना क्षेत्र के भारत-नेपाल सीमा से लगे इटहिया गांव के टोला डुमरी में सोमवार की सुबह करीब आठ बजे एसडीएम प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस और एसएसबी व कस्टम की संयुक्त टीम ने छापा डाला। इस दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर एक घर की तलाशी ली गई। जहां से 50 किलो वजन वाले 83 बोरी विदेशी मटर बरामद हुआ। जबकि मौके से टीम ने एक आरोपित को पकड़ लिया। वहीं टीम ने बरामद मटर व आरोपित को कस्टम निचलौल को सौंप दिया। साथ ही एसडीएम ने आरोपित को पांच लाख रुपये से पाबंद कर दिया है।
एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि सीमा से लगे इटहिया गांव के टोला डुमरी के एक घर में नेपाल राष्ट्र से विदेशी मटर लाकर छिपाया गया है। जिसके बाद झुलनीपुर बीओपी के एसएसबी जवानों, कस्टम व पुलिसकर्मियों के साथ की गांव में छापा डाला गया। जहां बताए गए घर की पहचान कर तलाशी ली गई। इस दौरान घर में छुपाकर रखी गई 83 बोरी विदेशी मटर बरामद की गई। जहां से आरोपित गजेंद्र यादव निवासी छितौना को मटर सहित कस्टम को सौंप दिया गया। साथ ही उसे पांच लाख रुपये के निजी अनुबंध के तहत पाबंद किया गया है।